रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, अतिथियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए दी शुभकामनाएं
अमरोहा (दज प्रभारी) 3 सितम्बर 2026 हकीम महताब उद्दीन हाशमी कॉलेज ऑफ लॉ, अमरोहा में सोमवार को एलएलबी एवं बीएएलएलबी अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए भव्य फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विदाई समारोह के दौरान जहां एक ओर विद्यार्थियों में अपने सहपाठियों और शिक्षकों से बिछड़ने की भावुकता दिखाई दी, वहीं दूसरी ओर उनके चेहरे पर भविष्य की नई राहों पर आगे बढ़ने का उत्साह भी नजर आया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कपिल कुमार चिकारा एडवोकेट, अध्यक्ष बार एसोसिएशन अमरोहा रहे, जबकि अरशद भारती एडवोकेट, सचिव बार एसोसिएशन अमरोहा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। इसके अतिरिक्त सिराजुद्दीन हाशमी, प्रबंधक हाशमी लॉ कॉलेज अमरोहा तथा बुरहानुद्दीन हाशमी, मैनेजिंग डायरेक्टर हाशमी लॉ कॉलेज अमरोहा की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं कॉलेज प्रबंधन के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए देशभक्ति गीत, गीत-संगीत, शेरो-शायरी, नज्म तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश कीं। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को खुशनुमा और यादगार बना दिया।
इस अवसर पर मोहम्मद अयान ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में देशप्रेम की भावना का संचार किया। सैफ अली ने गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। मोहम्मद सालिम ने अपनी शेरो-शायरी से कार्यक्रम में साहित्यिक रंग भर दिया। वहीं शहजुल ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
मासूम सैफी ने खूबसूरत नज्म प्रस्तुत की, जबकि लवीना ने शेरो-शायरी के माध्यम से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। जोया की गजल को भी उपस्थित लोगों ने खूब सराहा और उसकी शानदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों पर सभागार में मौजूद शिक्षकों, अतिथियों और साथी विद्यार्थियों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
फेयरवेल कार्यक्रम में मासूम सैफी ने “यादों के झरोखे से” विषय पर भावपूर्ण स्पीच प्रस्तुत की। उन्होंने कॉलेज में बिताए वर्षों की यादों, शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहपाठियों के साथ बिताए पलों को अपने वक्तव्य में साझा किया। उनकी भावनात्मक प्रस्तुति ने माहौल को काफी भावुक कर दिया और कई विद्यार्थी अपने कॉलेज जीवन की यादों में खो गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि अरशद भारती एडवोकेट, सचिव बार एसोसिएशन अमरोहा ने अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने करियर में निरंतर मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि कानून का क्षेत्र जिम्मेदारी और समाज सेवा से जुड़ा हुआ है, इसलिए विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग समाज और न्याय व्यवस्था को मजबूत करने में करना चाहिए।
मुख्य अतिथि कपिल कुमार चिकारा एडवोकेट, अध्यक्ष बार एसोसिएशन अमरोहा ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कानून की पढ़ाई पूरी करने के बाद विद्यार्थियों के सामने अनेक अवसर हैं, लेकिन सफलता के लिए निरंतर अध्ययन, मेहनत, अनुशासन और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को व्यावसायिक जीवन में ईमानदारी और मेहनत को प्राथमिकता देने की प्रेरणा दी।
कॉलेज प्रबंधक हकीम सिराजुद्दीन हाशमी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की
हकीम सिराजुद्दीन हाशमी, प्रबंधक हाशमी लॉ कॉलेज अमरोहा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने मुख्य अतिथि कपिल कुमार चिकारा एडवोकेट तथा विशिष्ट अतिथि अरशद भारती एडवोकेट का विशेष रूप से धन्यवाद किया और विद्यार्थियों के भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि कॉलेज के लिए यह गर्व का विषय है कि यहां से शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थी कानून के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए तैयार हो रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों से प्राप्त ज्ञान और संस्कारों को जीवन में अपनाने तथा अपने संस्थान का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी।
फेयरवेल पार्टी के दौरान अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों ने कॉलेज में बिताए अपने अनुभवों और यादों को साझा किया। कई विद्यार्थियों ने कहा कि कॉलेज में बिताया समय उनके जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहेगा। शिक्षकों का मार्गदर्शन, दोस्तों के साथ बिताए पल और विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और उनके भावपूर्ण वक्तव्यों ने यह स्पष्ट कर दिया कि यह समारोह केवल विदाई का अवसर नहीं बल्कि विद्यार्थियों के नए जीवन और पेशेवर सफर की शुरुआत का प्रतीक भी था।
कार्यक्रम के आयोजन और संचालन में कॉलेज के शिक्षकों एवं स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन बुरहान चड्ढा एवं नबिया ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में दानिश,
ज़ैद,वरीशा, हर्षिता,बलवा ,मंतशा आदि का विशेष सहयोग रहा।वहीं कॉलेज के शिक्षक शहजाद सिद्दीकी पूरे कार्यक्रम के मेंटर रहे और उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर कॉलेज की प्राचार्य डॉ. राना परवीन, शिक्षक डॉ. मोहम्मद तारिक, मोहम्मद इफ्तिखार अली, डॉ. मोहम्मद हारुन, फरहत मंसूरी तथा डॉ. मोहम्मद तारिक खान सहित कॉलेज के अन्य शिक्षक एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को धन्यवाद दिया। समारोह ने अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए कॉलेज जीवन की एक खूबसूरत और यादगार विदाई के रूप में अपनी अमिट छाप छोड़ी।
फेयरवेल पार्टी का समापन पर प्राचार्या डा राना परवीन ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, सफल करियर और जीवन में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने की शुभकामनाओं के साथ हुआ।














